Aapnu Gujarat
બ્લોગ

अमेरिका में कमला हैरिस

अमेरिका की डेमोक्रेटिक पार्टी ने कमला हैरिस को उप-राष्ट्रपति का उम्मीदवार घोषित करके एक तीर से कई शिकार कर लिये हैं। यदि वे जीत गईं तो वे अमेरिका की पहली महिला उप-राष्ट्रपति बनेंगी। डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बाइडन हैं, जो स्वयं दो बार उप-राष्ट्रपति रह चुके हैं। यदि वे राष्ट्रपति चुने गए तो वे दूसरी बार राष्ट्रपति का चुनाव नहीं लड़ेंगे, क्योंकि वे 77 साल के हो गए हैं। अर्थात यह असंभव नहीं कि 2024 में अमेरिका की पहली राष्ट्रपति भी कमला हैरिस ही हों। उनकी उम्र अभी सिर्फ 55 साल है। कमला वैसे अभी अमेरिकी सीनेट (राज्यसभा) की सदस्य हैं। यह सीट उन्होंने बाकायदा चुनाव लड़कर जीती है। इसके पहले वे केलिफोर्निया की एटार्नी जनरल रह चुकी हैं। उनकी मां श्यामला गोपालन हमारे तमिलनाडु की थीं और पिता डोनाल्ड हैरिस जमैका के। याने वे भारतीय मूल की भी है और लातीन अमेरिकी और अफ्रीकी मूल की भी। उन्हें अमेरिका में अश्वेत ही माना जाता है। वे वास्तव में न तो काली हैं, न गौरी हैं। वे गेहुंआ है। ऐसा लगता है कि यह गेहुंआ रंग अब अमेरिका के सिर पर चढ़कर बोलेगा। उन्होंने जार्ज फ्लायड हत्याकांड पर अपनी आवाज़ इतने जोर से उठाई थी कि अमेरिकी लोगों के दिलों में उनका स्थान एक बहादुर महिला का बन गया था। उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बनने की भी कोशिश की थी। उन्होंने जो बाइडन का विरोध करने में भी कोई संकोच नहीं किया था। बाइडन के प्रतिद्वंदी होने के बावजूद उनको बाइडन ने अपने साथ उप-राष्ट्रपति का उम्मीदवार बनाया है। इसका फायदा उन्हें अपने चुनाव में जरुर मिलेगा। प्रवासी भारतीयों के लगभग 18 लाख वोट हैं और वोटों से भी कहीं ज्यादा उनका प्रभाव है। यों भी डेमोक्रेटिक पार्टी अमेरिका के भारतीयों में लोकप्रिय रही है। डोनाल्ड ट्रंप की तरफ उनका झुकाव इधर जरुर बढ़ा है लेकिन कमला हैरिस इस प्रभाव को बाइडन की तरफ मोड़ने में सफल होंगी। कमला हैरिस से उम्मीद की जाती है कि उप-राष्ट्रपति बनने पर भारत के प्रति उनका रवैया काफी रचनात्मक रहेगा लेकिन कश्मीर और नागरिकता संशोधन कानून जैसे मुद्दों पर उनकी भारत से स्पष्ट असहमति रही है। वे स्पष्टवादी और निडर महिला हैं। उनका दृढ़ आत्म-विश्वास ही उन्हें इस ऊंचे मुकाम तक ले आया है। कमला की वजह से अमेरिका के भारतीय लोगों में नई चेतना का संचार होगा। अमेरिकी संस्कृति में एक नया आयाम जुड़ेगा। कमला हैरिस के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।

Related posts

પાકિસ્તાનમાં સત્તા પરિવર્તન સાથે આવી છે અસ્થિરતા

aapnugujarat

MORNING TWEET

aapnugujarat

દુનિયાની ૨.૯૦ કરોડ મહિલાઓ આજે પણ આધુનિક ગુલામીની શિકાર

editor

Leave a Comment

UA-96247877-1