Aapnu Gujarat
રમતગમત

MSD को भारत रत्‍न दिए जाने की उठी मांग

महेंद्र सिंह धोनी के रिटायरमेंट लेने के बाद देश में उनके जर्सी नंबर को रिटायर करने से लेकर उनके लिए फैयरवेल मैच आयोजित करने की मांग उठ रही है। इस बीच मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री पी सी शर्मा ने रविवार को धोनी के लिए भारत रत्न की मांग कर दी। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि धोनी को उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए भारत रत्न दिया जाना चाहिए। शर्मा ने धोनी द्वारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा के एक दिन बाद यह मांग की है। भोपाल दक्षिण-पश्चिम सीट के विधायक शर्मा ने ट्वीट किया, ‘भारतीय क्रिकेट को पूरी दुनिया में विजेता के रूप में स्थापित करने वाले ‘देश के रत्न’ महान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भारत-रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिये।’
शर्मा ने ‘भाषा’ को बताया, ‘धोनी स्पोर्ट्स के भारत रत्न हैं। उन्होंने क्रिकेट में देश का नाम ऊंचा किया है, इसलिए उन्हें ‘भारत रत्न’ से नवाजा जाए।’ भारत रत्न भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। यह सम्मान राष्ट्रीय सेवा के लिए दिया जाता है। इन सेवाओं में कला, साहित्य, विज्ञान, सार्वजनिक सेवा और खेल शामिल हैं। धोनी दुनिया के एकमात्र कप्तान हैं जिन्होंने तीनों आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं। इसमें 2007 में टी-20 विश्व कप, 2011 में एकदिवसीय विश्व कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी शामिल हैं। धोनी ने शनिवार शाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘मुझे अब रिटायर्ड समझा जाए।’
इसी बीच, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने रविवार को ट्वीट किया, ‘पूर्व भारतीय कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी का भारतीय क्रिकेट में योगदान व उनका उम्दा प्रदर्शन कभी भुलाया नहीं जा सकता है। उनकी कुशल कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने कई मौकों पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।’ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया, ‘धोनी के सन्यास से, स्वाभाविक है हम सबको दुख होगा। लेकिन उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर अपनी अमिट छाप छोड़ दी है। हम उनके सदैव प्रशंसक रहेंगे। उन्हें हमारी हार्दिक शुभकामनाएं।’

Related posts

विश्व कप-2011 तक धोनी का मुझ पर काफी भरोसा था : युवराज

editor

नस्लीय टिप्पणी : पाकिस्तान के कप्तान सरफराज अहमद ४ मैच के लिए सस्पेंड

aapnugujarat

स्मिथ को आउट करने के लिए सही जगह पर गेंद को रखना होगा : मिसबाह

aapnugujarat

Leave a Comment

UA-96247877-1