Aapnu Gujarat
તાજા સમાચારરાષ્ટ્રીય

भाजपा के लगभग 7 करोड़ नए सदस्य बने

भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज नई दिल्ली स्थित पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित किया और “संगठन पर्व – सदस्यता अभियान 2019” कार्यक्रम की शानदार सफलता पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रमुख शिवराज सिंह चौहान, सह-प्रमुख दुष्यंत गौतम, सह-प्रमुख अरुण चतुर्वेदी और सह-प्रमुख  शोभा सुरेंद्रन भी उपस्थित रहे। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी द्वारा वाराणसी (उत्तर प्रदेश) से 06 जुलाई 2019 को सदस्यता अभियान 2019 का शुभारंभ किया था।

कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि सदस्यता अभियान में पार्टी का संवैधानिक लक्ष्य 20% नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ना होता है, इस तरह हमें 11 करोड़ की सदस्यता के आधार पर लगभग 2 करोड़ 20 लाख नए सदस्य बनाने थे लेकिन यह आंकड़ा लक्ष्य के तीन गुने से भी अधिक रहा। उन्होंने कहा कि हमें यह घोषणा करते हुए अपार हर्ष हो रहा है कि भारतीय जनता पार्टी की ऑनलाइन सदस्यता 5,81,34,242 रिकॉर्ड की गई जो हमारी पूर्व सदस्य संख्या की तुलना में 50% से भी अधिक है। ऑफलाइन फॉर्म के माध्यम से 62,34,967 नए सदस्य जुड़े हैं। साथ ही जहां-जहां सर्वर कमजोर था और मिस्ड कॉल को जहां हम डिजिटली कैप्चर नहीं कर पाए, उसे भी अब डिजिटली अपग्रेड किया जा रहा है।

यदि ये सारी संख्या मिला दी जाय तो इस सदस्यता अभियान के दौरान बने पार्टी के नए सदस्यों की कुल संख्या 7 करोड़ के लगभग होगी। नए सदस्यों के जुड़ने के साथ ही अब भारतीय जनता पार्टी के लगभग 18 करोड़ सदस्य हो गए हैं। विश्व में अभी केवल सात ही देश ऐसे हैं जिनकी जनसंख्या भाजपा के सदस्यों की संख्या से अधिक है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान की सफलता के लिए 1,85,965 विस्तारकों ने 7 दिन तक लगातार बूथ, मंडल और जिला स्तर पर कार्य किया। उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी के सभी छोटे-बड़े कार्यकर्ताओं के अदम्य उत्साह, बजरंगी कर्मठता और भागीरथ प्रयास का ही सुफल है कि आज भाजपा का विस्तार कश्मीर से कन्याकुमारी तक और कच्छ से कामाख्या तक हो गया है।

नड्डा ने कहा कि यह केवल सदस्यता अभियान कार्यक्रम नहीं था बल्कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान के अनुसार इसका उद्देश्य जनता-जनार्दन को पर्यावरण एवं स्वच्छता के प्रति भी जागरुक करना था, इसलिए जहां भी सदस्यता अभियान के कार्यक्रम आयोजित होते थे, वहां वृक्षारोपण अवश्य ही किया जाता था जिसमें कम से कम पांच फलदार एवं छायादार वृक्षों के पौधे अवश्य लगाए जाते थे। “संगठन पर्व – सदस्यता अभियान 2019” कार्यक्रम के तहत कुल 72,543 सदस्यता अभियान और वृक्षारोपण के कार्यक्रम आयोजित किये गए और इस दौरान 19,66,074 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए। 

कार्यकारी अध्यक्ष ने सदस्यता अभियान की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देश के सभी वर्गों का रुझान भारतीय जनता पार्टी की ओर हो रहा है और सदस्यता के ये आंकड़े इसके गवाह हैं। सेना के रिटायर्ड अधिकारी, खिलाड़ी, लेखक, बुद्धिजीवी वर्ग, युवा, महिलाओं सहित समाज के प्रतिष्ठित हस्तियों ने बड़ी संख्या में उत्साह के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, यह इस बात का द्योतक है कि जन-मानस के मन में भाजपा के प्रति कितना अटूट विश्वास है। इस सदस्यता अभियान के प्रवास क्रम में एक विशेष बात प्रकाश में आई कि जहां भी, जिस किसी भी क्षेत्र में भाजपा सदस्यता अभियान की टोली सदस्य बनाने के लिए पहुँचती थी, वहां आम व विशिष्ट जनों में भाजपा से जुड़ने की ललक और गजब का उत्साह देखने को मिलता था।

नड्डा ने कहा कि सदस्यता अभियान के दौरान पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में भारतीय जनता पार्टी के प्रति विशेष रुझान देखा गया। पश्चिम बंगाल में सदस्यता लक्ष्य जहां 10 लाख नए सदस्यों को जोड़ने का निर्धारित किया गया था, वहीं यह आंकड़ा 80 लाख को पार कर गया है और अब यह एक करोड़ की ओर अग्रसर है। इसी तरह भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर स्थित जम्मू-कश्मीर के करना विधानसभा के 6059 मतदाताओं ने एक साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। गुजरात के पाटण जिले के चाणस्मा नगर के 14 बूथ के सभी 10,600 मतदाताओं ने एक साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सेवा बस्तियों में जाकर सदस्यता अभियान चलाया गया।

Related posts

બિહારનાં લોકો ભાજપને તેની ઓકાત દેખાડશેઃ શત્રુઘ્ન સિન્હા

aapnugujarat

મેક ઈન ઈન્ડિયાને ઝટકોઃ સેનાએ સ્વદેશી રાઈફલને રિજેક્ટ કરી

aapnugujarat

વોટરકાર્ડને આધાર સાથે જોડવાની ઈચ્છા, નવી તકનીક સાથે સાવધાની જરૂરી : સીઈસી

aapnugujarat

Leave a Comment

UA-96247877-1