Aapnu Gujarat
मनोरंजन

सतीश कौशिक का 66 साल में हार्ट अटैक से निधन:कल परिवार के साथ दिल्ली में होली खेली, फिर तबीयत बिगड़ी; देर रात अस्पताल में दम तोड़ा

66 साल के अभिनेता और डायरेक्टर सतीश कौशिक का बुधवार देर रात 1 बजे दिल्ली में हार्ट अटैक से निधन हो गया। यह जानकारी अनुपम खेर ने सुबह ट्वीट कर दी। अनुपम ने लिखा, ‘सतीश, तुम्हारे बिना जिंदगी पहले जैसी नहीं रहेगी।’

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 7 मार्च को मुंबई में जावेद अख्तर की पार्टी में होली खेलने के बाद सतीश 8 मार्च को दिल्ली में परिवार और दोस्तों के साथ होली खेलने आए थे। यहां उन्होंने जमकर होली खेली, लेकिन रात में अचानक उनकी तबीयत खराब होने लगी। उन्हें फोर्टिस हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

निधन के बाद उनके शव को सुबह 5:30 बजे दीन दयाल अस्पताल लाया गया था, जहां उनका पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। पोस्टमॉर्टम के बाद उनकी बॉडी को मुंबई ले जाया जाएगा।

7 मार्च को जावेद अख्तर की तरफ से जानकी कुटीर जुहू में आयोजित की गई होली पार्टी में सतीश कौशिक शामिल हुए थे। उन्होंने इस सेलिब्रेशन के फोटोज ट्वीट किए थे, जिसमें वे फिट नजर आए थे। उन्होंने लिखा था- ’जावेद अख्तर, शबाना आजमी, बाबा आजमी, तन्वी आजमी की तरफ से रखी गई पार्टी में रंगबिरंगी खुशनुमा होली का मजा उठाया। न्यूली वेड खूबसूरत कपल अली फजल और रिचा चड्‌ढा से मिला। सभी को होली की शुभकामनांए।’

खेर ने श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- ‘जानता हूं, मृत्यु ही इस दुनिया का अंतिम सच है, पर ये बात मैं जीते जी कभी अपने जिगरी दोस्त #SatishKaushik के बारे में लिखूंगा, ये मैंने सपने में भी नहीं सोचा था। 45 साल की दोस्ती पर ऐसे अचानक पूर्णविराम !! Life will NEVER be the same without you SATISH ! ओम् शांति!’

सतीश कौशिक का जन्म 13 अप्रैल 1956 को हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ था। स्कूली पढ़ाई दिल्ली में हुई थी। किरोड़ीमल कॉलेज से ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) में एडमिशन लिया था। 1985 में उन्होंने शशि कौशिक से शादी की थी। 2 साल की उम्र में उनके बेटे का निधन हो गया था।

सतीश ने 1983 में बॉलीवुड में कदम रखा। इससे पहले उन्होंने थिएटर में काम किया था। वे अभिनेता, कॉमेडियन, स्क्रिप्ट राइटर, निर्देशक और निर्माता थे। सतीश को पहचान 1987 में फिल्म मिस्टर इंडिया से मिली थी। इसके बाद उन्होंने 1997 में दीवाना-मस्ताना में पप्पू पेजर का किरदार निभाया था। सतीश को 1990 में राम लखन के लिए और 1997 में साजन चले ससुराल के लिए सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता का फिल्म फेयर पुरस्कार मिला था।

Related posts

દીપિકા જૌહરની તૈયારીઓથી ડિસ્ટર્બ થઇ ગઇ હતી

aapnugujarat

નવી સુવિધા સાથે આર.કે. સ્ટુડિયો ફરી નિર્માણ થશે

aapnugujarat

શાહરૂખ અને કંગનાની જોડી પ્રથમ વખત ચમકશે

aapnugujarat

Leave a Comment

UA-96247877-1