नवंबर में वाहन बिक्री घटी

देश के ऑटोमोबाइल क्षेत्र में लंबे समय से छाई मंदी के बाद नवंबर माह यात्री वाहन बिक्री के लिहाज से कुछ सुकून भरा रहा। माह के दौरान यात्री वाहन वर्ग की बिक्री में एक फीसदी से कम की गिरावट रही और दो लाख 63 हजार 773 यूनिट की बिक्री की गई। कुल वाहन बिक्री में हालांकि 12 फीसदी से अधिक की गिरावट रही।
भारतीय ऑटोमोबाइल्स निर्माता संघ (सियाम) की तरफ से मंगलवार को जारी आंकड़ों में बताया गया कि पिछले साल नवंबर में दो लाख 66 हजार यात्री वाहन बेचे गए थे। इस संख्या में इस वर्ष 0.84 फीसदी की मामूली गिरावट रही और दो लाख 63 हजार 773 यूनिट की बिक्री हुई। इस दौरान घरेलू बाजार में कार बिक्री में 10.83 फीसदी की गिरावट रही। पिछले साल माह में एक लाख 79 हजार 783 कारें बिकी थीं। यह संख्या नवंबर-19 में घटकर एक लाख 60 हजार 306 रह गई।
आंकड़ों के अनुसार माह के दौरान कुल वाहन बिक्री पिछले साल से 12.05 फीसदी कम रही। पिछले साल नवंबर के कुल 2,038,007 वाहनों की तुलना में नवंबर 19 में वाहनों की बिक्री 1,792,415 रही। वाणिज्यिक वर्ग में बिक्री 14.98 फीसदी घटी। घरेलू बाजार में नवंबर -19 में यह आंकड़ा 61,907 यूनिट रहा, जबकि पिछले साल यह संख्या 72,812 इकाई था। तिपहिया बिक्री 4.45 फीसदी बढ़कर 53 हजार 401 से 55 हजार 778 पर पहुंच गई। नवंबर 2019 में दोपहिया वाहनों की बिक्री 1,410,939 यूनिट की रही, जो पिछले नवंबर के मुकाबले 14.27 फीसदी कम थी। पिछले साल नवंबर में 1,645,783 दोपहिया वाहन बिके थे। मोटरसाइकिल बिक्री में 14.87 फीसदी की गिरावट रही। इस वर्ग में बिक्री 10 लाख 49 हजार 651 से घटकर आठ लाख 93 हजार 538 रह गई।

Related posts

GST Council To Meet On August 2 On Online Gaming, Casino Rules: Reports

US Fed Hikes Interest Rates By 25 bps; 11th Hike In 12 Meetings; Fed Open For More Hikes

Real Estate Sector Still Feeding On Cash Transactions Six Years After Demonetisation: LocalCircles Survey